दिल्ली से सटी साइबर सिटी यानी गुरुग्राम से एक ऐसी खबर सामने आ रही है जो पति-पत्नी के रिश्तों से भरोसा उठा देता है। दरअसल गुरुग्राम में एक पति ने अपनी पत्नी को गोली मार दी और फिर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी अब भी तलाश कर रही है। बताया जा रहा है कि गुरुग्राम की रहने वाली आशा रानी उर्फ अंशू(32) सेक्टर-56 स्थित एक प्राइवेट स्कूल में टीचर हैं। उनके स्कूल ने सेक्टर-48 में विपुल ग्रीन्स क्लब में एक पार्टी का आयोजन किया था जिसमें रानी भी शामिल हुई थी। इस पार्टी में फैशन शो भी रखा गया था, इसमें आशा ने भी हिस्सा लिया था।

आशा के पति इंद्रजीत उनके इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के खिलाफ थे, लेकिन बाद में उन्होंने आशा को पार्टी में शामिल होने की इजाजत दे दी थी। आशा को घर लाने के लिए इंद्रजीत रात करीब 11.30 बजे स्कूल की दूसरी ब्रांच जो सेक्टर-75 में स्थित है वहां पहुंचा।

इंद्रजीत वहां अपने दोस्त जीतू के साथ पहुंचा था। जब दोनों स्कूल पहुंचे तो उन्हें वहां ताला लटका मिला। इसके बाद उसने फोन कर आशा पर आरोप लगाया कि उसने अपना गलत पता बताया। आशा ने उसे बार-बार समझाने की कोशिश की और लोकेशन भी भेजी लेकिन इंद्रजीत काफी नाराज हो गया था।

गुस्साया इंद्रजीत क्लब पहुंचा और आशा को फोन कर घर चलने के लिए कहने लगा। आशा ने कहा कि वह तुरंत नहीं चल पाएगी। इसी बीच स्क्रीन पर आशा का कैटवाक दिखाया जाने लगा। यह देखकर इंद्रजीत का गुस्सा सातवें आसमान पर चढ़ गया और उसने स्क्रीन पर ही दो गोली चला दी।

गोलियों की आवाज सुनते ही पार्टी में अफरा-तफरी मच गई। लोग खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। ऐसे में आशा ने इंद्रजीत को समझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं माना और आशा के घुटने में गोली मार दी। गोली लगने से लहूलुहान आशा की मदद के लिए कोई आगे नहीं आया। इतने में उसका पति फरार हो गया। क्लब के एक कर्मी ने पुलिस को जानकारी दी जिसके बाद महिला को पुलिस मेदांता अस्पताल ले गई।

पुलिस ने आशा की शिकायत पर इंद्रजीत और उसके दोस्त के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। पुलिस ने जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज ले ली है। उम्मीद है कि दोनों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Recommended

अमर उजाला की खबरों को फेसबुक पर पाने के लिए लाइक करें
लोकसभा चुनाव में किस सीट पर बदल रहे समीकरण, कहां है दल बदल की सुगबुगाहट, राहुल गाँधी से लेकर नरेंद्र मोदी तक रैलियों का रेला, बयानों की बाढ़, मुद्दों की पड़ताल, लोकसभा चुनाव 2019 से जुड़े हर लाइव अपडेट के लिए पढ़ते रहे अमर उजाला चुनाव समाचार।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP

Post a Comment

Previous Post Next Post